January 25, 2026

किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है

पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है।

जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और देश सब आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास और गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत में अगर किसी का सबसे बड़ा योगदान होगा तो वो इस देश की माताओं बहनों बेटियों का होगा।

मुख्यमंत्री ने महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महिला कल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के कार्यालयों में नियमित महिला सरकारी कर्मचारियों को अब प्रतिवर्ष 20 की बजाय 25 छुट्टियां मिलेंगी।

इसी प्रकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम में काम कर रही महिला कर्मियों को प्रतिवर्ष 10 छुट्टियां मिलती थी। अब इन वार्षिक अवकाश के अलावा महिला कर्मचारियों को प्रतिमाह एक अतिरिक्त छुट्टी दी जाएगी। इस तरह इन कर्मचारियों को 10 की बजाय 22 छुट्टियां मिलेगी।

उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा श्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया।

साथ ही उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, आपकी बेटी-हमारी बेटी के लिए एमआईएस पोर्टल और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *