February 24, 2026

प्रदेश की हालत इतनी ख़राब कि यहां वेतन और पेंशन के लाले पड़ गए:अनुराग ठाकुर

हमीरपुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हिमाचल में आम जनता ही नहीं बल्कि कांग्रेस के कार्यकर्ता भी इस सरकार से त्रस्त आ चुके हैं और भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। आज इस सरकार में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने काम न होने से दुखी हैं और सरकार को कोस रहे हैं। उन्होंने् कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के ऐसे नाराज़ वर्करों तक पहुचे वो भाजपा का सदस्य बनने के लिए तैयार बैठे हैं। अनुराग ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार आर्थिक कुप्रबंधन के चलते आज प्रदेश 96 हज़ार करोड़ के कर्ज़ में डूब गया है। यही हालात रहे तो इस साल के अंत तक यह एक लाख करोड़ पहुंच जाएगा। अनुराग ने कहा कि जिस ऱफ्तार से कांग्रेस सरकार कर्ज ले रही है, 2027 तक हिमाचल प्रदेश पर 1.5 लाख करोड़ का कर्ज होगा। अनुराग ने कहा कि प्रदेश पर महंगाई का बोझ, इंडस्ट्री के साथ बेरुख़ी, कर्मचारियों को सैलरी-पेंशन के लिए तरसाना दिखाता है कि कांग्रेस से सरकार चलाई नहीं जा रही। कांग्रेस का हाथ प्रदेश की जनता के गिरेबान पर है। बिजली के दाम इन्होंने आते ही दो बार बढ़ा दिए, पर्यावरण और दूध का सेस लगा दिया, उद्योगों पर भी सेस बढ़ाया गया है जिस से राज्य में उद्योग पलायन कर रहे हैं। कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़े-बड़े वादे किए मगर चुनाव के बाद वादे पूरे करना तो दूर प्रदेश की माली हालत इतनी ख़राब कर दी कि यहां वेतन और पेंशन के लाले पड़ गए हैं। भाजपा ने सदस्यता अभियान की शुरु आत की है और इस अभियान में नया लक्ष्य रखा जाएगा। अनुराग ने कहा कि हम केवल कागजों में ही हमारे संगठन नहीं बनाते बल्कि यह धरातल पर एक परिवार की तरह काम करने वाला दल है। वर्षों से हम एक साथ काम करते-करते एक पारिवारिक सदस्य के रूप में एक दूसरे के साथ घुल मिल गए हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रयासों के कारण एक बार नहीं अनेक बार प्रदेश में और देश में सत्ता आए। इससे पहले सांसद अनुराग ठाकुर व विधायक आशीष शर्मा ने गसोता मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, प्रदेश भाजपा सचिव नरेंद्र अत्री व पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *