सरकार के अंत्योदय के मूलमंत्र ने अंतिम छोर पर बैठे वास्तविक हकदार तक पहुंचाया योजनाओं का लाभ
बहादुरगढ़ 01 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रमों में जहां पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है,वहीं आम नागरिक भी बढ़ चढ़ कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने में खासी रुचि दिखा रहे हैं। सोमवार को बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव आसौदा सिवान और आसौदा टोडरान, बहादुरगढ़ शहर में भगत सिंह पार्क और राव तुला राम पार्क में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची, जहां नागरिकों ने यात्रा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने गांव आसौदा सिवान और आसौदा टोडरान में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा में लोगों की हर समस्या का समाधान हो रहा है। इस यात्रा का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यवस्था परिवर्तन का परिणाम है कि सरकारी अधिकारी गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में मौजूदा प्रदेश सरकार ने अंत्योदय के मूल मंत्र के साथ विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे वास्तविक हकदार तक पहुंचाने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं को लेकर लगाई गई स्टालों का अवलोकन किया।
उन्होंने उपस्थित जनों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने की शपथ दिलाते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए हर व्यक्ति के सहयोग की जरूरत है, सभी मिलकर देश के उत्थान के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकार विकास की गारंटी के साथ आम जन तक पंहुचते हुए लोगों को और अधिक लाभ आवंटित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के ऐसे वंचितों को प्राथमिकता दी है जो दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे और उनकी सुध लेने वाला कोई नही था। गरीब परिवारों का चूल्हा धुआ रहित हो, इसके लिए सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवार की महिलाओं को मुफ्त में रसोई गैस कनैक्शन दिए है। पूर्व विधायक ने इस मौके पर उत्कृष्ठ खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और गांव के सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया। उन्होंने सरपंच को अभिनन्दन पत्र भी सौंपते हुए कहा अब लोगों को सचिवालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ती, अब गांव में ही अधिकारी लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकसित भारत संकल्प यात्रा में अपनी समस्याओं को लिखित में ले कर आएं ताकि सरकार के संज्ञान में भी ये समस्याएं लाई जा सकें।
शहर के राव तुलाराम पार्क और भगत सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए नगर परिषद की चैयरपर्सन सरोज राठी ने कहा कि 2047 में जब देश को आजाद हुए 100 साल हो जाएंगे तब भारत विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होगा। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण ही संभव होगा। आज विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में हर शहर और हर गांव में जा रही है।
उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भी खुले मन से प्रशंसा की और कहा कि इन सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने मेहनत कर इस विकसित भारत संकल्प यात्रा को आगे बढ़ाया है। मुख्य अतिथि ने कहा कि अब तक बहुत से लाभार्थी विकसित भारत संकल्प यात्रा का फायदा उठा चुके हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश के हर गांव और शहर में जा रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों के बारे में जागरूकता पैदा करना और उनकी शत-प्रतिशत परिपूर्णता सुनिश्चित करना है। यह यात्रा देश के कोने-कोने में समाज के सभी वर्गों विशेषकर वंचित वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की एक अनूठी पहल है। इस मौके पर उपस्थित शहरवासियों को संकल्प शपथ भी दिलवाई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने उज्जवला योजना के तहत लाभार्थियों को गैस किट भी प्रदान की
इस मौके पर आसौदा टोडरान की सरपंच अर्चना देवी, सांसद डा अरविंद शर्मा के निजी सचिव सुनील लाकड़ा, बीडीपीओ उमेद सिंह, नोडल अधिकारी रितेश यादव, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, पंच प्रवीण, दिनेश, केडी, समाजसेवी रवि कुमार, धर्मेंद्र, पंचायत समिति सदस्य राकेश, नगर परिषद के वाईस चेयरमैन पालेराम शर्मा, ईओ संजय रोहिल्ला, एमई अर्जुन सिंह, एमई राजेश, पार्षद ज्योति रोहिल्ला, राजेश तंवर, पवन रोहिल्ला, अश्वनी शर्मा अनेक गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
