December 26, 2025

किसानों की फसल की रकम उनके खाते में निर्धारित समय में भेजी जानी चाहिए

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी राजा शेखर वुंडरू ने मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार जिला में चल रही रबी फसल की सरकारी खरीद का जायजा लेने के लिए नारनौल अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त डॉ विवेक भारती भी मौजूद थे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अब तक हुई खरीद के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों की फसल की रकम उनके खाते में निर्धारित समय में भेजी जानी चाहिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री खुद समय-समय पर समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। उन्होंने नारनौल अनाज मंडी में भी किसानों के लिए कैंटीन की स्थापना करने के निर्देश दिए।
इस बारे में उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक जिला महेंद्रगढ़ में 103065 मेट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। जिला में लगभग 76 फ़ीसदी उठान कार्य हो चुका है। अब तक जिला महेंद्रगढ़ में सरसों खरीद के बाद किसानों के खाते में लगभग 3 अरब 99 करोड़ 25 लाख अरब रुपए की रकम डाल दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में गेहूं की 9345 मीट्रिक टन खरीद हुई है। ज्यादातर गेहूं सतनाली, महेंद्रगढ़ तथा कनीना अनाज मंडी में पहुंचा है।
इस मौके पर नारनौल के एसडीएम रमित यादव, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कुशलपाल बूरा, सहायक जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अरुण सैनी, डीएम हैफेड प्रवीण कुमार, डीएम वेयर हाउस रेखा मलिक तथा डीएमयू सत्यप्रकाश के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *