हरोली क्षेत्र में सुनार की दुकान से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
12 घंटे में सुलझी 35 लाख की चोरी
ऊना, जिला ऊना के हरोली क्षेत्र में सुनार की दुकान से हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मात्र 12 घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये के सोना-चांदी के गहने भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को सलोह चौक के पास कौशल ज्वेलर्स के मालिक ने पुलिस चौकी पंडोगा में शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए और सेफ से लगभग 100 ग्राम सोना तथा 8 किलो चांदी के गहने चोरी कर ले गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ, एसडीपीओ हरोली मोहन रावत और थाना प्रभारी सुनील संख्यान मौके पर पहुंचे और जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से मामले को सुलझाते हुए बिहार निवासी आरोपी मान सिंह को होशियारपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहले इस क्षेत्र में राजमिस्त्री के तौर पर काम कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए हैं और उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को हरोली क्षेत्र में सेंधमारी के मामलों में अब तक की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
