February 14, 2026

ठाकुर राम लाल ने रखी प्रदेश के विकास की मजबूत नींव – रोहित ठाकुर

शिमला , शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्वर्गीय ठाकुर राम लाल की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जुब्बल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ठाकुर राम लाल ने कठिन परिस्थितियों के दौर में इस क्षेत्र का नेतृत्व कर विकास की मजबूत नींव प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ठाकुर राम लाल ने बागवानी की दृष्टि से भी क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहित किया, जिसकी बदौलत आज जुब्बल-नावर-कोटखाई में सबसे सम्पन्न गांव विराजमान हैं।

उन्होंने कहा कि ठाकुर राम लाल ने इस विधानसभा क्षेत्र का नौ मर्तबा नेतृत्व किया है, जिसमें से वह राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री भी रहे हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि किसान एवं आम परिवार से निकला व्यक्ति सर्वोच्च पद पर आसीन हुआ।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर राम लाल द्वारा दिखाए गए रास्ते पर आज कार्य किया जा रहा है ताकि इस विधानसभा क्षेत्र को विकास का नया स्वरूप प्रदान किया जा सके। उनके दिखाए गए रास्ते पर हम सभी को आगे चलना है ताकि इस विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज यहां ठाकुर राम लाल की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी मूर्ति लगाने की मांग रखी गयी है। इस विषय पर मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से आवश्यक रूप से बात की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने ठाकुर राम लाल की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की तथा प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, अध्यक्ष हिमफैड भीम सिंह झौटा, जुब्बल-कोटखाई कांग्रेस के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *