भद्रकाली गांव में मक्खियों का आंतक ,लोग परेशान
ऊना/ सुखविंदर/ आपने अक्सर लोगों को चोरों के आंतक से परेशान होते देखा होगा, पशुओं के आंतक से परेशान होते हुए सुना होगा, लेकिन एक ऐसा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसमें लोग न तो चोरों के आंतक से परेशान हैं,न पशुओं के आंतक से परेशान हैं बल्कि लोग मक्खियों के आंतक से बहुत ज्यादा परेशान हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है भद्रकाली गांव के वार्ड नं 3 का। यहां पर रह रहे लोग मक्खियों के आंतक से इस कदर परेशान हैं कि यहां पर रह रहे लोगों का खाना पीना, नहाना, धोना और यहां तक कि रात में सोना तक दुशवार हो गया है। जैसे ही लोग सोने की कोशिश करते हैं, मक्खियां उनके पास भिन्न भिन्न करने लगती हैं। जिससे लोगों की नींद टूट जाती है। मक्खियों ने लोगों के घर की छतों पर भी अपना कब्जा जमा लिया है। गांव वालों से जब इन मक्खियों के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि इन मक्खियों की वजह से उनके रिश्तेदार भी आने से कतराने लगे हैं। उनसे जब पूछा गया कि इतनी मक्खियां पहले भी थी तो उन्होंने बताया कि जब से हमारे गांव में पोल्ट्री फार्म खुले हैं तब से मक्खियों का आंतक हुआ है। उन्होंने बताया कि भद्रकाली पंचायत में 1 नहीं बल्कि 6 या 7 पोल्ट्री फार्म खुले हुए हैं। उसके बाद ही उनके घरों में मक्खियों का इजाफा हुआ है। गांव वालों ने बताया कि इन मक्खियों को मारने के लिए महंगे से मंहगा स्प्रे भी इस्तेमाल किया जिस पर हमें रोजाना 200 से 250 रूपए खर्च करना पड़ता है लेकिन उसके बावजूद भी हमें इन मक्खियों से छुटकारा नहीं मिल पाया। इन बढ़ती हुई मक्खियों की वजह से घर के सदस्य भी आए दिन बीमारी की चपेट में आ रहें हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई पहल नहीं की गई है। लोगों ने कहा कि या तो पोल्ट्री फार्म बंद कर दें या हमारे घरों को ही पोल्ट्री फार्म बना दें ताकि हम नरक भरी जिंदगी से छुटकारा पा सकें। लोगों ने बताया कि हमारे दूध में मक्खी, चाय में मक्खी, आटे में मक्खी, मक्खी ही मक्खी हर तरफ मक्खी का ही आंतक फैला हुआ है। हमने इसकी शिकायत ग्राम पंचायत प्रधान, विधायक महोदय, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर (1100)पर भी शिकायत कर चुके हैं। हेल्प लाइन नंबर पर इसकी शिकायत को लगभग 1 महीना 10 दिन बीत चुके हैं, परन्तु अभी तक कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई है। इस मौके पर दौलतपुर चौक के सिविल अस्पताल के इंचार्ज डॉ संदीप नरूला से जब इस विषय को लेकर बात हुई तो उन्होंने बताया कि मक्खियों से विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा पैदा होता है। इसमें ज्यादातर बच्चे, बूढ़े और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा घातक बीमारी का खतरा है। अतः उन्होंने कहा कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए अन्यथा यह मक्खियां कोई बड़ी घटना को न्योता दे सकती हैं। इस उपलक्ष्य में बी डी ओ गगरेट हिमांशी शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत भद्रकाली को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं।
