February 24, 2026

रिवालसर के तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेले का तकनीकी मंत्री ने किया शुभारंभ

तीन महीने में बनेगा रिवालसर के सौंदर्यीकरण का मास्टर प्लान- राजेश धर्माणी

मंडी, अजय सूर्या: नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को रिवालसर में गुरु पद्मसंभव की याद में उनके जन्मदिन पर मनाया जाने वाला तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेले का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि रिवालसर को तीर्थ स्थल और पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाया जाएगा। यह मास्टर प्लान अगले तीन महीने के अन्दर तैयार कर दिया जाएगा। मास्टर प्लान के तहत यहां की मूलभूत सुविधाओं को विस्तार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने जन प्रतिनिधियों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। मनरेगा की दिहाड़ी को 300 रुपये किया गया है। सरकार ने गाय दूध के समर्थन मूल्य पर 45 व भैंस के दूध पर 55 रूपये की ऐतिहासिक वृद्धि की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाए अनाज को प्रदेश सरकार खरीद रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 रूपये तय किया है। प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये मिल रहे हैं ।

उन्होंने कहा कि रिवालसर तीन धर्मों का धर्म स्थल है और राज्य स्तरीय छेश्चू मेला एक प्रसिद्ध मेला है। यह मेला धार्मिक सौहार्द का अदभुत उदाहरण है। उन्होंने छेश्चू मेले की बधाई देते हुए सभी के जीवन में नई खुशियां आने की कामना की और कहा कि हम सब पर गुरु पद्मसंभव का आशीर्वाद बना रहे। उन्होंने कहा कि तिब्बत और भूटान में बौद्ध धर्म को पहुंचाने का श्रेय गुरू पद्मसंभव को जाता है।तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने लोगों के जीवन को सरल बनाने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की है। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना, इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश सरकार गुणवत्तायुक्त शिक्षा तक सभी छात्रों की पहुंच सुनिश्चित बनाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित किए जाने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल इस दिशा में मील पत्थर साबित होगा।

उन्होंने वित्तीय कूप्रबन्धन के लिए पूर्व भाजपा सरकार को दोषी ठहराया।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुक्खविन्दर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः वचनबद्ध है।

एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने मेले का शुभारम्भ करने के लिए तकनीकी मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने इस अवसर पर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर महिला मण्डल व आंगनवाड़ी से आए बच्चों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए ।

इस अवसर पर विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए डे केयर सैन्टर भंगरोटू से आए विशेष रूप से सक्षम बच्चों द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा मंत्री ने उन्हें 21000 रूपये के पुरूस्कार से नवाजा।

कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी व फुंचोक राय, एसडीएम एवं मेला कमेटी के अध्यक्ष स्मृतिका नेगी, नगर पंचायत रिवालसर की अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर की प्रधान कौशल्या देवी, सदस्य सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *