February 15, 2026

बच्चों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करें शिक्षक : डीसी


बादली (झज्जर), डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माता हैं,अभिभावक के बाद बच्चे शिक्षक की बातें ज्यादा मानते हैं,ऐसे में शिक्षक बच्चों के कौशल को देखते हुए व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करें। डीसी गांव माजरी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रोल माडल संवाद कार्यक्रम में छात्र- छात्राओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने अध्यापकों को शिक्षक दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों का भविष्य संवारने का सुअवसर मिला है,बच्चों ने जो सपने देखे हैं,उनमें कामयाब हों। उन्होंने एक रोल मॉडल के रूप में विद्यार्थियों से संवाद किया और उनसे सवाल -जबाव किए। उन्होंने कहा कि प्रतिभा मंथन कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को यह सिखाया जाता है कि उन्हें पढाई करते हुए आगे चलकर क्या बनना है। प्रतियोगिता के जमाने में विद्यार्थी के सामने कैरियर में ऑप्शन का चुनाव अति आवश्यक है।
डीसी ने कहा कि मनुष्य जीवन में कोई भी कार्य मुश्किल नहीं है,उसके लिए दृढ इच्छा शक्ति का होना बेहद जरूरी है,जीवन में अगर किसी कारणवश असफलता हो जाए तो हताश होने की बजाय उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए। चंद्रयान -तीन की टीम में लडकों से ज्यादा लडकियों की भागीदारी देखने को मिली,इसरो की उस टीम में कोई वैज्ञानिक नहीं,बल्कि हमारे ग्रामीण आंचल में इंजीनियरिंग कालेज में पढने वाले विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में अग्रणी रहने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उज्जवल भविष्य की कामना की,साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि देश की बुनियाद अच्छी शिक्षा व संस्कार से मजबूत बनती है। उन्होंने मंथन कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को करियर चुनाव में मदद मिलेगी और छात्र मित्र हेल्पलाइन से तनाव दूर होगा।

डीईओ राजेश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन, झज्जर ने अलोहोमोरा फाउंडेशन के सहयोग सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए जिला के 177 राजकीय उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। इन विद्यालयों में नौवीं से बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नियमित रूप से करियर सम्बन्धी परामर्श दिया जाता है।
कार्यक्रम में इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर सरपंच रणबीर सिंह , प्राचार्या अंजू शर्मा,संजीता,अलोहोमोरा फाउंडेशन से चिनमोई, मुस्तफा, गुलशन कुमार,पवन कुमार,ऋतुरानी सहित लुक्सर,माजरी,गुभाना स्कूल के प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *