केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज देश व प्रदेश में पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ स्वतः उनके घर द्वार पर मिल रहा है। पूर्व की सरकारों की भांति लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते।
उन्होंने कहा कि देशभर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा उन लोगों तक पहुंचने का एक बड़ा माध्यम बन गई है जो किसी कारणवश अभी तक सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ पाए। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में यह यात्रा अहम भूमिका निभा रही है और इस स्वपन को हम सभी को मिलकर पूरा करना है।
मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत संकल्प यात्रा में भागीदारी कर रहे लोगों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।
