February 25, 2026

गांवों में हरियाली को बढावा देने के लिए 1 अगस्त से चलाया जाएगा स्वच्छ हरित पंचायत अभियान

हिसार, 29 जुलाई। आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में 1 अगस्त से 7 अगस्त तक स्वच्छ हरित पंचायत अभियान चलाया जाएगा। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्वीर नैन ने अभियान की सफलता को लेकर पंचायत एवं विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें आपसी समन्वय के साथ ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त को स्वच्छ हरित अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्लास्टिक एकत्रित करने के लिए श्रमदान अभियान तथा विज्युल क्लीननेस ड्राइव का आयोजन होगा। इसी प्रकार से गांवों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के सहयोग से आमजन के घर पर पहले से बने सिंगल पीट शौचालयों को दो गड्ढों के शौचालयों में बदलने के लिए जागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। ग्रामीणों को समझाया जाएगा कि एक गड्ढे वाले शौचालयों की गहराई अधिक होने के कारण उसके आस पास के भू- जल की स्वच्छता को खतरा रहता है जबकि दो गड्ढे वाले शौचालयों की विधि से भू- जल की स्वच्छता बरकरार रहती है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्वच्छ और हरित गांव थीम पर आधारित पेंटिंग, स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें आंगनवाड़ी और स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों की सफाई के प्रति भी जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी। इसके अलावा गांवों में तालाब और जल घरों में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छ जल के उपयोग के प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान सभी गांवों में एक पेड़ विश्वास का थीम पर आधारित कार्यक्रम में सघन अभियान चलाया जाएगा। गांव मे कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र व शेड के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की भी हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *