गांवों में हरियाली को बढावा देने के लिए स्वच्छ हरित पंचायत अभियान पहली अगस्त से : डॉ सुभीता
अभियान के दौरान श्रमदान, पौधारोपण, स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियां की जाएगी आयोजित
झज्जर, 28 जुलाई। आजादी अमृत महोत्सव की श्रृंखला में जिलाभर में डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में पहली अगस्त से 7 अगस्त तक स्वच्छ हरित पंचायत अभियान के अंतर्गत एक पेड़ विश्वास का स्वच्छता सहित अन्य जागरूकता गतिविधियों जैसे रेट्रोफिटिंग अभियान, कम्पोस्ट पीट सोख्ता गड्ढे व दो गड्ढे वाले शौचालयों का निर्माण करने बारे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा।इस अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित बीडीपीओ आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी सीईओ जिला परिषद डॉ सुभीता ढाका ने शुक्रवार को यहां दी।
डॉ ढाका ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सम्बन्धित खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक ग्रामीणों को इस अभियान से जोडा जाए। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को स्वच्छ हरित अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा की बैठक आयोजित की जाएगी और पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
-इस प्रकार चलेगा स्वच्छ हरित पंचायत अभियान : सीईओ
सीईओ ने बताया कि एक अगस्त को अभियान की शुरुआत ग्राम सभा बैठक से होगी, जिसमें अभियान का उद्देश्य, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियां आयोजित की जाएगी, जिसमें ग्रामीणों को हरित अभियान से जोड़ा जाएगा। दो अगस्त को प्लास्टिक मुक्त पंचायत बनाने के लिए गांवों में प्लास्टिक एकत्रित करने के लिए श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को विज्युल क्लीननेस ड्राइव का आयोजन होगा, जिसके तहत ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को गांवों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के सहयोग से आमजन के घर पर पहले से बने सिंगल पीट शौचालयों को दो गड्ढों के शौचालयों में बदलने के लिए जागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समझाया जाए कि एक गड्ढे वाले शौचालयों की गहराई अधिक होने के कारण उसके आस पास के भू- जल की स्वच्छता को खतरा रहता है जबकि दो गड्ढे वाले शौचालयों की विधि से धरती के भू- जल की स्वच्छता बरकरार रहती है। जागरूकता कार्यक्रमों में आमजन को दो गढ़े वाले शौचालय के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पांच अगस्त को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के सहयोग से स्वच्छ और हरित गांव थीम पर आधारित पेंटिंग, स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें आंगनवाड़ी और स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों की सफाई के प्रति भी जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी। छह अगस्त को गांवों में तालाब और जल घरों में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छ जल के उपयोग के प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतिम दिन सात अगस्त को सभी गांवों में एक पेड़ विश्वास का थीम पर आधारित कार्यक्रम में पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करते हुए ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
