एनएफएल की सभी इकाइयों की कोआर्डिनेशन कमेटी के कोआर्डिनेटर बने सुमन शर्मा
शिवांकुर शर्मा,नंगल
भारत सरकार की नवरत्न कंपनी नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड की विभिन्न इकाइयों की यूनियनों की समन्वय समिति की बैठक में सर्वसम्मति से एनएफएल नंगल के सुमन शर्मा को सभी इकाइयों की कोआर्डिनेशन कमेटी का कोआर्डिनेटर चुना गया। उनके चयन के बाद कर्मचारियों से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर संगठन स्तर पर सकारात्मक माहौल व नई उम्मीद बनी है। नंगल में भी कर्मचारियों में खुशी पाई जा रही है।
कोआर्डिनेटर चुने जाने पर सुमन शर्मा ने यूनियन प्रतिनिधियों व कर्मचारियों की ओर से मिले विश्वास के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा व उनके समाधान के लिए हर स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कर्मचारी वर्ग के उत्थान के लिए वचनबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रमोशन पालिसी में आवश्यक संशोधन, कर्मचारियों के बोनस का भुगतान, दिवाली उपहार, स्कूल फीस से जुड़े मामलों का समाधान, स्थानीय स्तर पर भर्ती व कंपनी टाउनशिप की रिनोवेशन जैसे मुद्दे कर्मचारियों के मनोबल व भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं। इन सभी विषयों को लेकर प्रबंधन के साथ निरंतर संवाद कायम किया जाएगा व आपसी सहयोग से ठोस समाधान निकालने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
सुमन शर्मा ने कहा कि समन्वय समिति प्रयास रहेगा की आपसी संवाद व सहयोग के माध्यम से सभी मांगों को पूरा करवाया जाए।
गौरतलब है कि सुमन शर्मा इससे पहले भी एनएफएल कोआर्डिनेशन कमेटी में सेक्रेटरी जनरल के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे नेशनल फर्टिलाइजर इंप्लाइज यूनियन में लंबे समय तक अध्यक्ष रहते हुए कई अहम मुद्दों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए विभिन्न इकाइयों के यूनियन पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके कोआर्डिनेटर बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कर्मचारियों के हित में प्रभावी पहल की उम्मीद जताई है।
