February 13, 2026

सुखविंदर सुक्खू बने रहेंगे हिमाचल के मुख्यमंत्री

देश राज शर्मा, शिमला, हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले 6 कांग्रेस विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा अयोग्य ठहराए जाने के बाद हिमाचल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटाए जाने की समाचारों के बीच अब माना जा रहा है कि हाई कमान ने निश्चय कर लिया है कि वर्तमान परिस्थितियों में मुख्यमंत्री को हटाना पार्टी के लिए ठीक नहीं रहेगा। डैमेज कंट्रोल के लिए हिमाचल पहुंचे डी के शिवकुमार ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जो कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों से बातचीत हो चुकी है व सभी विधायक एकजुट है। डीके शिव कुमार ने कहा कि सुक्खू ही सीएम बने रहेंगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकार बचाने की जितनी भी कोशिश कर लें सरकार बचने वाली नहीं है क्योंकि सरकार गिराने में भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के लोग लगे हुए हैं। कांग्रेस में विधायकों के टूटने का सिलसिला अभी चलता रहेगा। बता बता दें कि आज राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने वाले 6 विधायकों की सदस्यता विधानसभा अध्यक्ष ने खत्म कर दी है। ऐसे में कांग्रेस के पास अब सदन में विधायकों की संख्या 40 से घट कर 34 ही शेष रह गई है जबकि विपक्षी दल भाजपा के सदन में 25 विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायक भी वर्तमान में भाजपा के पक्ष में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *