यातायात नियमों का पालन करें विद्यार्थी : राजीव यादव
झज्जर,09 फरवरी। निकटवर्ती गांव गुढ़ा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में लोक निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा को लेकर सेमिनार का आयोजन किया गया । हरीडा महासचिव राजीव यादव व अधीक्षक अभियंता संदीप गोयल के मार्गदर्शन और कार्यकारी अभियंता सुमित कुमार की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई ।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान कैलाश कुमार ने सेमीनार के दौरान बच्चों को यातायात नियमों व यातायात संकेतों,सीट बेल्ट और हैलमेट के फायदों से अवगत कराया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित भी किया । सेमीनार में बच्चों को महापुरुषों के जीवन के बारे में भी बताया गया तथा उन्हे अपने जीवन मे उच्च मानकों का पालन करते हुए सफलता के टिप्स भी दिए ।
लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुमित कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हमे सडक़ पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए । उन्होंने कहा कि भारत वर्ष का एक ही सपना है कि किसी भी व्यक्ति की सडक़ दुर्घटना ना घटे,हम सबको सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों की दृढता से पालना करनी चाहिए। इस अवसर पर प्राचार्य जीतपाल के अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
