दिल्ली परिवहन निगम के संविदा कर्मियों की हड़ताल समाप्त
नई दिल्ली: दिल्ली परिवहन निगम के संविदा कर्मियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। हड़ताल खत्म होने से राजधानी के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं हड़ताल के कारण राजधानी में बस सेवा पूरी तरह से चरमरा गई थी। कम बसें चलने के कारण दिल्लीवासी पिछले तीन दिनों से परेशान थे। उन्हें बस स्टाप पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। लोग निजी वाहन से चलने को विवश हो रहे थे। अब उनकी परेशानी दूर हो गई है, क्योंकि मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद संविदा कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है। सरकार ने उनकी मांगें मानने के साथ ही नियमित करने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। सरोजनी नगर स्थित महिला बस डिपो की कर्मियों को उनके अनुरोध के अनुसार मूल डिपो में भेजा जाएगा। सरकार द्वारा मांगें मानने के बाद बुधवार से संविदा कर्मी काम पर लौट गए हैं, जिससे बस सेवा सामान्य होने की उम्मीद है। इसके लिए सरकार व कर्मियों दोनों की सराहना की जानी चाहिए, क्योंकि इससे दिल्लीवासियों की परेशानी दूर होगी। प्रदूषण रोकथाम में भी मदद मिलेगी। इस समय दिल्ली में वायु की गुणवत्ता खतरनाक श्रेणी में बनी हुई है। इस कारण यहां ग्रेप-4 के प्रविधान लागू किए गए हैं। बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध है। सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम करने के लिए लोगों को सार्वजनिक वाहनों के उपयोग की सलाह दी जा रही है। इस स्थिति में बस सेवा बाधित होने से चिंता बढ़ गई थी। राजधानी के बड़े क्षेत्र में अभी मेट्रो का विस्तार नहीं हुआ है। इस कारण लाखों लोगों के लिए बस ही एक मात्र सस्ता व सुलभ साधन है। यदि बसें नहीं चलेंगी तो सड़कों पर निजी वाहनों की भीड़ बढ़ेगी, जिससे राजधानी की हवा और खराब होगी।
