पंजाब और हिमाचल में आंधी और बारिश का कहर
पेड़ गिरने से कई वाहनों को नुकसान,
शिमला , उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को माैसम ने करवट ली। पंजाब, हिमाचल समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का दाैर चला। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की चेतावनी के बीच दोपहर बाद कई क्षेत्रों में तूफान और ओलावृष्टि ने खूब तबाही मचाई। ऊना के गगरेट के कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने से 6 से ज्यादा गाड़ियों व कुछ घरों को भी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर घरों की छत्त तक उड़ गई है। मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में भी देवदार का पेड़ गिरने से 10 गाड़ियों को नुकसान होने की सूचना है। मनाली में एक व्यक्ति भी पेड़ गिरने से घायल हुआ है, जो कि गाड़ी में बैठा हुआ था। पंजाब में शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के साथ कई जिलों में बरसात शुरू हो गई है। गुरदासपुर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमन शेर सिंह शेरी कलसी के पठानकोट में हुए समारोह के दौरान आंधी तूफान की वजह से पंडाल गिर गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। सुनाम के गांव बख्शीवाला में ओलावृष्टि हुई है। जालंधर में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई। गुरदासपुर में भी आंधी के साथ बरसात शुरू हो गई है। कपूरथला में तेज आंधी के बाद कुछ देर बारिश हुई।
