शेयर बाजार फिर सदमे में : एक हजार अंक टूटा सेंसेक्स, निवेशकों के करोड़ों डूबे
मुंबई : भारतीय शेयर बाजार कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार को लाल निशान पर खुला है। सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फिन सर्विसेज और एफएमसीजी सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1000 अंक गिरने के बाद 78,719 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, एनएसई का निफ्टी 313 अंक टूटकर 23,990 पर कारोबार कर रहा था।
बाजार का रुझान नकारात्मक बना हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 507 शेयर हरे, जबकि 1777 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
सेंसेक्स पैक में सन फार्मा, रिलायंस, टाटा मोटर्स, इंफोसिस,टाइटन, मारुति, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक टॉप लूजर्स थे। वहीं, एम एंड एम, टेक महिंद्रा, एचसीएल और इंडसइंड बैंक टॉप गेनर्स थे।
बाजार के जानकारों के अनुसार, “अगले कुछ दिनों में वैश्विक स्तर पर बाजारों का ध्यान अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों पर रहेगा और चुनाव के नतीजों के जवाब में निकट अवधि में अस्थिरता हो सकती है। हालांकि, यह अल्पकालिक होने की संभावना है और अमेरिकी विकास, मुद्रास्फीति और फेड कार्रवाई जैसे आर्थिक बुनियादी कारक बाजार की प्रवृत्ति को प्रभावित करेंगे।”
