अगले वर्ष और भी भव्य होगा राज्य स्तरीय लिदबड़ मेला : बालीलिदबड़ मेले का दंगल रहा अजनाला के गौरव के नाम
बड़ी माली अजनाला के गौरव और छोटा माली अजनाला के गुरताज के नाम रही।
नगरोटा। माता नारदा शारदा के प्रांगण में नगरोटा के ऐतिहासिक राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले के अंतिम दिन महा दंगल का आयोजन किया गया। मेले के अंतिम दिन हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली मुख्यअतिथि बनकर पहुँचे। उन्होंने सबसे पहले माता नारदा शारदा मंदिर में माथा टेका और वहां से लिदबड़ मैदान पहुँचे। उन्होंने लोगों के साथ कुश्ती देखने का आनंद लिया। उन्होंने संबोधन के दौरान सभी को भव्य लिदबड़ मेले के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा विकास पुरुष ने इस मेले को जिला स्तरीय बनाया था जिसे उन्होंने राज्य स्तरीय किया। मेले के राज्य स्तरीय होने से इसे हिमाचल में पहचान मिली उन्होंने कहा लिदबड़ ग्राउंड, गांधी ग्राउंड, क्लॉक टावर, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, डिग्री कॉलेज में हॉस्टल, पार्किंग, सिनेमा हॉल, इंडोर स्टेडियम, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, सड़क के चारों तरफ रोशनी और पाथवे मॉडल आईटीआई सिनेमा हॉल वेडिंग डेस्टिनेशन देश का सबसे बड़ा फाउंटेन सहित करोड़ों रुपये के अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा जल्द नगरोटा शिक्षा के हब के बाद अब पर्यटन हब के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा लिदबड़ ग्राउंड में कुश्ती अखाड़ा के साथ बास्केटबॉल और बैडमिंटन मैदान बनेगा। उन्होंने मेला कमेटी को अपनी तरफ से 51 हजार रुपये दिए।
इससे पूर्व एसडीएम नगरोटा मुनीष शर्मा ने लिदबड़ मेले के भव्य आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मेले के आयोजन में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने मुख्यअतिथि द्वारा नगरोटा विधानसभा की विकास गाथा को तेज गति से दौड़ाने के लिए आभार जताया। उन्होंने बड़ी माली में आर्थिक सहयोग के लिए वालिया परिवार का आभार जताया और उन्हें भी स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। कुश्ती में लाखों रुपए के इनाम पहलवानों को बांटे गए पहलवानों ने लोगों का अपने दंगल से भरपूर मनोरंजन किया। बड़ी माली के विजेता अजनाला के गौरव रहे जिन्हें 51 हजार रुपए की राशि इनाम में मिली वहीं उपविजेता रहे जिंदर को 45 हजार रुपये का इनाम मिला। छोटा माली के विजेता अजनाला के ही गुरताज रहे जिन्हें 31 हजार रुपए का इनाम मिला और कांगड़ा के करण उपविजेता रहे उन्हें 21 हजार रुपये इनाम में मिला। मुख्य अतिथि आरएस बाली ने विजेता और उपविजेता पहलवानों को इनाम बांटे। बाली ने मेला कमेटी को बेहतरीन दंगल और मेले के भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने मेला कमेटी के अध्यक्ष मुनीष शर्मा और समस्त मेला कमेटी सदस्यों को बेहतरीन साँस्कृतिक संध्याओं के आयोजन के लिए भी बधाई दी।
