April 2, 2026

राज्य स्तरीय हरोली उत्सव 11 से 14 अप्रैल तक, भव्य शोभायात्रा से होगा आगाज

सोमभद्रा तट पर सजेगा हरोली मैदान, वैसाखी पर्व की खुशियों से सराबोर होगा उत्सव

तैयारियां तेज, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की समीक्षा

ऊना, राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 का आयोजन इस वर्ष 11 से 14 अप्रैल तक हरोली-रामपुर पुल के समीप सोमभद्रा नदी के तट पर स्थित हरोली मैदान, रोड़ा में किया जाएगा। उत्सव का शुभारंभ 11 अप्रैल को जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह परिसर से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। वैसाखी पर्व (14 अप्रैल) से जुड़ा यह प्रदेश का एकमात्र राज्य स्तरीय मेला माना जाता है।

उत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गति तेज कर दी है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सोमभद्रा नदी के तट नव विकसित हरोली मैदान, रोड़ा में इस बार उत्सव को भव्यता, सुव्यवस्था और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए, ताकि वैसाखी की सांस्कृतिक छटा पूरे वैभव के साथ उभर सके।

एसडीएम एवं मेला समिति के अध्यक्ष विशाल शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है और सभी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि यह उत्सव क्षेत्र के लिए एक यादगार आयोजन बने।

शोभायात्रा में दिखेगी संस्कृति की विविधता
उत्सव का आगाज भव्य शोभायात्रा से होगा, जो जलशक्ति विभाग के नवनिर्मित विश्राम गृह से हरोली मैदान तक निकाली जाएगी। इसमें महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल, स्थानीय जनता तथा प्रदेश व देश की सांस्कृतिक झलक लिए विभिन्न दल भाग लेंगे।
सांस्कृतिक संध्याओं में सजेगा कला का रंगमंच
11 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ पंजाबी संस्कृति के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दिन के समय स्थानीय शिक्षण संस्थानों, महिला मंडलों और सांस्कृतिक समूहों को मंच प्रदान किया जाएगा।

स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 6-7 अप्रैल को

स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 6-7 को*
मेला समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस भव्य आयोजन की सांस्कृतिक संध्याओं हेतु स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 6 और 7 अप्रैल को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में पूर्वाह्न 11.30 बजे से रखे गए हैं। कलाकार ईमेल पते स्टेटलेवलहरोलीउत्सव एट दी रेट जीमेल डॉट कॉम पर आवेदन भेज सकते हैं। इच्छुक कलाकार ऑडिशन के दिन मौके पर भी आवेदन जमा कर सकते हैं।

प्रकाशित होगी बहुरंगी स्मारिका
श्री शर्मा ने बताया कि उत्सव के अवसर पर एक बहुरंगी स्मारिका प्रकाशित की जाएगी, जिसमें हरोली के विकास, सांस्कृतिक विरासत और उत्सव से जुड़े विविध पहलुओं को समाहित किया जाएगा। यह स्मारिका एक संग्रहणीय दस्तावेज के रूप में तैयार की जाएगी।

खेलकूद और प्रतियोगिताओं से जुड़ेगा युवा वर्ग
उत्सव के दौरान कबड्डी सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आंगनबाड़ी, महिला मंडल, युवक मंडल और विभिन्न विभागों के लिए भी प्रतियोगिताएं होंगी। स्कूली बच्चों को भी सांस्कृतिक मंच प्रदान किया जाएगा।

पशु मेला, डॉग शो और प्रदर्शनी होंगे आकर्षण
उत्सव में पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *