February 24, 2026

महिला सशक्तिकरण और विकास के प्रति प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध: चंद्र कुमार

कृषि मंत्री ने नगरोटा सूरियां व कोटला में सुनीं जन समस्याएं, विकास कार्यों की दी जानकारी

रघुनाथ शर्मा बेबाक़, नूरपुर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज वीरवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत नगरोटा सूरियां और कोटला में पहुंचकर स्थानीय जनता की समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। कांग्रेस शासन के दौरान देश में कई महत्वपूर्ण कानून और योजनाएँ लागू की गईं, जिनसे महिलाओं को समानता, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता मिली। वर्तमान प्रदेश सरकार ने विधवा पेंशन को 1150 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये एवं वृद्धावस्था पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ा कर 1500 रुपये कर दिया है, जिससे हजारों महिला लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त, पात्र परिवारों की महिलाओं को भी चरणबद्ध तरीके से 1500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित में निरंतर कार्य कर रही है और सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। हालांकि, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ कार्य कर रही है और संसाधन जुटाने के नए तरीकों पर गंभीरता से काम कर रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि नगरोटा सूरियां क्षेत्र में पेयजल और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 28.25 करोड़ रुपये की लागत से एक व्यापक पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा।
इसके साथ 36.54 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में एक आधुनिक मल निकासी प्रणाली भी स्थापित की जाएगी। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आरडीएसएस योजना के तहत 2.5 करोड़ रुपये खर्च कर 10 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं और हाई टेंशन व लो टेंशन लाइनों का विस्तार किया जा रहा है। जीएसएस स्कीम के तहत 20 लाख रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबी एलटी लाइन डाली जा रही है। उन्होंने बताया कि गज खड्ड पर 87 करोड़ रुपये की लागत से एक पुल का निर्माण किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। इस पुल की टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोटला क्षेत्र में 41 करोड़ की राशि से बोह दरीणी पेयजल स्कीम, 8 करोड़ की लागत से सोलधा व जांगल उठाऊ सिंचाई योजना तथा 11 करोड़ से देहर खड्ड के तटीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा, विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों के उन्नयन का कार्य जारी है।
कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शाहपुर के चंबी मैदान में एक भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में तहसीलदार शिखा, बिजली बोर्ड के एसडीओ कपिल देव,जल शक्ति के एसडीओ राम कुमार,पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा,पूर्व कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी डॉ गुलशन,पूर्व युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष जतिन्द्र जीतू,पूर्व ब्लॉक कांग्रेस महासचिव रामपाल धीमान, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष राज शहरिया,पूर्व प्रधान सुदर्शन देवी,पूर्व वार्ड सदस्य सेवा देवी,निर्मला देवी,कर्म चंद,आईटीआई के उपाध्यक्ष कुलदीप गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *