February 15, 2026

हिमाचल प्रदेश में 4500 करोड़ रुपयों के स्पेशल पैकेज का ऐलान

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा पीड़ितों के लिए 4500 करोड रुपए के विशेष पैकेज का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि 3500 करोड रुपए से उन लोगों को बसाया जाएगा जिनके घर इस आपदा में पूरी तरह से तबाह हो गए हैं जबकि 1000 करोड रुपए विधायक फंड और मनरेगा के तहत डंगे लगाने पर खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब पैसा प्रदेश की तरफ से लगाया जा रहा है। इसमें केंद्र सरकार का कोई सहयोग नहीं है। हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान हुई भारी बारिश से प्रदेश को 10000 करोड रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस दौरान बहुत से लोगों के घर गिर गए थे जिनके उत्थान में यह पैकेज मदद करेगा। बताया गया है कि इससे पहले घर टूटने पर एक लाख 30 हजार रुपए मिलते थे लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 7 लाख रुपए कर दी गई है। इसमें यह जरूरी नहीं है कि घर कच्चा हो या फिर पक्का, सबको समान राशि ही दी जाएगी। घर के निर्माण के दौरान बिजली व पानी भी सरकार की तरफ से मुफ्त दिया जाएगा व घर बनाने के लिए सीमेंट भी सरकारी दरों पर यानी 280 रुपए प्रति बैग के हिसाब से उपलब्ध करवाया जाएगा। ऐसे में यह माना जा सकता है कि घर बनाने पर सरकारी मदद लगभग 10 लाख रुपए हो जाएगी। जो घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें बनाने के लिए एक लाख की सहायता की जाएगी। गौशाला बनाने के लिए 50000 रुपयों की राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही गाए या भैंस की मृत्यु पर 55000 घोड़ा या गधे की मौत पर भी 55000 ही दिए जाएंगे। आपदा के दौरान भेड़ बकरी की हुई मृत्यु पर सरकार 6000 देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि भूमि को हुए नुकसान पर 10000 रूपये प्रति बीघा दिया जाएगा। फसलों के नुकसान पर पहले 500 रूपये दिए जाते थे जिसे बढ़ाकर अब 4000 रूपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के मकान व जमीन आपदा में चली गई है व वे भूमिहीन हो गए हैं, उन्हें मकान बनाने के लिए शहरी क्षेत्र में दो बिस्वा तथा ग्रामीण क्षेत्र इलाकों में तीन बिस्वा जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। यह भी निर्णय लिया गया है कि शिक्षण संस्थानों में बच्चों की पढ़ाई का आपदा के दौरान जो नुकसान हुआ है व जितने दिन स्कूल बंद रहे हैं उतने दिन बच्चों को अतिरिक्त पढ़ाई कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने राज्य के बजट से अब तक राहत और पुनर्वास कार्य के लिए 1850 करोड रुपए जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के हर व्यक्ति ने आपदा में सहयोग किया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के प्रस्ताव का विरोध करके जनता से धोखा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *