March 9, 2026

हमीरपुर की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 29 से

हमीरपुर 22 अक्तूबर। विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 29 अक्तूबर से आरंभ किया जाएगा।
एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संजीत सिंह ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक मतदाता सूचियों में नए नाम शामिल करने के दावे और किन्हीं कारणों से स्थान छोड़ चुके मतदाताओं, मृतकों और अन्य अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाने बारे आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। ये दावे या आपत्तियां निर्धारित प्रपत्रों- फार्म-6, फार्म-6ए, फार्म-7 और फार्म-8 पर प्राप्त की जाएंगी। दावे या आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 9-10 नवंबर और 23-24 नवंबर को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए क्षेत्र के सभी 94 मतदान केंद्रों पर तैनात होने वाले अभिहित अधिकारियों और सुपरवाइजरों के लिए 25 और 26 अक्तूबर को बीडीओ कार्यालय परिसर हमीरपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 25 अक्तूबर को मतदान केंद्र नंबर एक से 50 तक के अधिकारियों को और 26 अक्तूबर को मतदान केंद्र नंबर 51 से 94 तक के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
एसडीएम ने इन सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *