February 14, 2026

समाधान शिविरों में अब तक आई 494 शिकायतें, 3 छुट्टियों के बाद मंगलवार को लगेगा शिविर

जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। समाधान शिविर को लेकर आमजन में काफी रुझान है व बीते पांच दिनों के अंदर आयोजित हुए शिविरों के दौरान 494 शिकायतें प्रशासन के समक्ष पहुंची हैं। इन शिकायतों का संबंधित विभागों के माध्यम से निदान करवाया जा रहा है व स्वयं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन करवाया जा रहा है। लघु सचिवालय में समाधान शिविर को लेकर बेहतर व्यवस्था की गई है। शिकायतकर्ताओं को पहले नंबर लगाकर पर्ची दी जाती है व फिर कॉन्फ्रेंस रूम में उपायुक्त द्वारा शिकायत पर विस्तारपूर्वक सुनवाई की जाती है। इसके बाद शिकायत को संबंधित विभाग के अधिकारी के साथ उक्त शिकायत के निवारण के संबंध में चर्चा की जाती है और उस समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। डीसी ने बताया कि जिन समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव होता है उनका वहीं समाधान करवाया जाता है। परिवार पहचान पत्र व पेंशन आदि की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव नहीं होता ऐसे मामलों में विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए जाते हैं।

त्वरित समाधान करें, लापरवाही पर होगा एक्शन
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने जिला के सभी विभागों के अधिकारियों को समाधान शिविर की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तय समय में समाधान करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं को सुना जाता है। नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं का समाधान करवाने का यह बेहतर व्यवस्था है जिसके द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी समस्याएं जो नीतिगत फैसलों से संबंधित हैं उनका जल्द समाधान करने के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर की शिकायतों को लेकर अगर कई कर्मचारी लापरवाह रवैया अपनाएगा तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *