पास्टर जश्न गिल के भाई के बाद अब बहन भी गिरफ्तार
बीसीए छात्र दुष्कर्म मामले में एक्शन मोड में पंजाब पुलिस
गुरदासपुर: बीसीए की छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपित पास्टर जश्न गिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार शिकंजा कसती जा रही है। सोमवार को पुलिस ने आरोपित के भाई प्रेम मसीह को जम्मू से गिरफ्तार किया था। वहीं, मंगलवार को आरोपित की बहन मार्था को भी पास्टर को शरण देने के आरोप में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसे अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है, जबकि प्रेम मसीह को सोमवार देर शाम अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया था। अब दोनों को बुधवार को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
थाना दीनानगर के एसएचओ और पास्टर की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम के सदस्य अमृतपाल सिंह ने बताया कि आरोपित की बहन मार्था पत्नी दविंदर पाल निवासी गांव मंडी खरड़ मोहाली को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे पास्टर को पनाह देने के आरोप में पकड़ा गया है।
बरियार चौकी के इंचार्ज एएसआई जसविंदर सिंह ने मार्था को अदालत में पेश किया। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पास्टर का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के कसते शिकंजे से पास्टर की जल्द ही गिरफ्तारी होने की संभावना है।
गौरतलब है कि नौ जुलाई 2023 को पुलिस स्टेशन दीनानगर के गांव अब्बलखैर निवासी पास्टर जश्न गिल के खिलाफ धारा 376 व 304ए के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला एक बीसीए की 21 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों के तहत दर्ज किया गया था।
