ऑलटाइम हाई से 1.80 लाख रुपये सस्ती हुई चांदी, सोना भी 38,000 रुपये गिरा
जानें क्या हैं नई कीमतें
नई दिल्ली, सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इस साल जनवरी में दोनों धातुओं के भाव रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे, जिसके बाद गिरावट शुरू हो गई। लगातार कई दिनों तक भारी उतार-चढ़ाव के बाद अब कीमतों में कुछ हद तक स्थिरता देखने को मिल रही है।
29 जनवरी को एमसीएक्स पर चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था। इसी दिन सोना भी 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर दर्ज किया गया। इसके बाद से चांदी की कीमत में 1.80 लाख रुपये से अधिक और सोने में 38,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।
सोमवार की गिरावट के बाद मंगलवार को भी दोनों की कीमतों में कमी दर्ज की गई। मंगलवार को चांदी 4,685 रुपये टूटकर 2,35,206 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जो इसके लाइफटाइम हाई से 1,80,157 रुपये कम है। इसी तरह सोना एमसीएक्स पर 1,210 रुपये गिरकर 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो अपने ऑल टाइम हाई से 38,336 रुपये नीचे है।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में 29 जनवरी 2026 को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी, जबकि सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था। 16 फरवरी को सर्राफा बाजार में चांदी 5,000 रुपये गिरकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई, जो अपने रिकॉर्ड स्तर से 1,49,500 रुपये कम है। वहीं, सोना 700 रुपये की तेजी के साथ 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, हालांकि यह भी अपने उच्चतम स्तर से 23,800 रुपये नीचे बना हुआ है। कुल मिलाकर, जनवरी के रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले सोना और चांदी दोनों अभी भी काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं।
