February 25, 2026

दौलतपुर चौक बाजार में पड़े गड्ढे को दुकानदारों ने खुद भरा

दौलतपुर चौक( संजीव डोगरा)
कस्बा दौलतपुर चौक के बाजार में सीएचसी अस्पताल के नजदीक बाजार के बीचोबीच सड़क पर एक गड्ढा पड़ गया था जिससे लोगों को आवागमन में जहां दिक्कत आ रही थी वही उक्त गड्ढे में पानी भर जाने पर जैसे ही कोई वाहन गुजरता तो गन्दे पानी के छींटे जहां दुकानदारों का सामान खराब कर रहे थे वहीं राहगीरों को परेशान कर रहे थे। दुकानदारों बलबीर राणा, सुशील, देवन शर्मा इत्यादि ने बताया कि उनकी दुकान के आगे सड़क पर पड़े गड्ढे से जहां राहगीर चोटिल हो रहे थे, वहीं गड्ढे से उठते गन्दे पानी के छींटे राहगीरों एवम दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। उन्होंने बताया कि लोनिवि का कार्यालय मात्र 100 मीटर की दूरी पर होने के वावजूद इस ओर नजर-ए-इनायत नहीं हुई, जिस वजह से मजबूरन उन्होंने अपनी जेब से खर्चा करके सीमेंट मंगवाया और गड्ढे को भरा। उधर स्थानीय दुकानदार एवम पूर्व भाजपा मंडलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि व्यवस्था परिवर्तन की तो बात हो रही है लेकिन लोगों को मजबूरन सड़क पर पड़े गड्ढे ठीक करने पड़े तो उसे अच्छी व्यवस्था नहीं कहा जा सकता, वो भी उस स्थान पर जो बाजार के बीचोबीच है और लोनिवि के कार्यालय से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है।
उधर लोनिवि के जे ई रजनीश धीमान ने बताया कि भारी बारिश के चलते कुछ सड़कें खराब हो रही हैं जिन्हें मौसम के अनुकूल होते ही ठीक कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *