निज्जर मर्डर केस में कनाडा सरकार को झटका, 4 आरोपियों को मिली जमानत
टोरंटो : हरदीप सिंह निज्जर के कथित चार हत्यारे जमानत पर रिहा हो गए हैं। कनाडा सुप्रीम कोर्ट में 11 फरवरी को अब इस मामले की सुनवाई होगी। दरअसल, सबूतों के अभाव में कनाडा पुलिस निचली कोर्ट में पेश नहीं हो रही थी, इसी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 4 आरोपियों को स्टे आफ प्रोसीडिंग्स पर रिहा कर दिया।
जिस हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए थे, उसी हत्याकांड में कनाडा की पुलिस पेश ही नहीं हुई। जबकि कथित चार हत्यारे करण बरार, अमनदीप सिंह, कमलप्रीत सिंह और करनप्रीत सिंह के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट के सामने दाखिल कर दिया गया था। कनाडा के सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, जब कोर्ट में पुलिस पेश नहीं हुई तो इसी के बाद आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट में इस बाबत अपील की। जहां 18 नवंबर को पहली सुनवाई हुई थी, इसके बाद पुलिस के रुख को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने चारों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया। कनाडा सरकार का दस्तावेज साफ तौर पर बता रहा है कि यह चारों कथित आरोपी अब कनाडा पुलिस की कस्टडी हिरासत जेल में नहीं है, उन्हें स्टे ऑफ प्रोसीडिंग्स पर रिहा कर दिया गया।
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून साल 2023 में कनाडा में हत्या हो गई थी। वह भारत में वांटेड घोषित था। निज्जर साल 1997 में कनाडा भाग गया था और उसके खिलाफ भारत में दर्जन भर से ज्यादा कत्ल और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर केस दर्ज हैं। इसके बावजूद कनाडा की सरकार ने निज्जर के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया था। साल 2023 में निज्जर की हुई हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच एक नया विवाद पैदा हुआ। निज्जर की हत्या को लेकर कनाडा लगातार भारत पर उंगली उठाता रहा है और गंभीर आरोप लगाता रहा है।
