December 22, 2025

दिल्ली आने वाले सभी रास्तों पर भयंकर जाम

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं किसान

नोएडा : अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के हजारों किसान दिल्ली कूच पर निकले हैं। जिसके कारण दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली आने वाले सभी रास्तों पर भारी जाम की स्थिति है। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से भूमि अधिग्रहण, कर्ज माफी और फसल की उचित कीमतें शामिल हैं। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में बैरिकेड लगाने और रूट डायवर्ट करने सहित सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए हैं।

पुलिस की तरफ से जारी किए गए बयान के मुताबिक 2 दिसंबर को किसानों के दिल्ली आह्वान को लेकर दिल्ली/बार्डर एरिया में चेकिंग की जा रही है, जिसमें यातायात धीमी गति से संचालित हो रहा था, वर्तमान में सभी रेड लाइट को निरन्तर ग्रीन कर दिया गया है। एक बार फिर यातायात सामान्य गति से संचालित है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस यातायात को सुचारू रूप से संचालित करा रही है।

पुलिस अपने इस बयान के जरिए यह बताने की कोशिश कर रही है कि जाम को खुलवा दिया गया है। लेकिन सड़कों पर उतरे वाहन चालकों को मिनटों का सफर घंटे में तय करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब बनी हुई है जब अभी तक किसानों ने अपने मीटिंग प्वाइंट तक पहुंचना शुरू भी नहीं किया है। हालांकि यातायात विभाग के मुताबिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है और जरूरत के हिसाब से उसे लागू किया जाएगा।

महामाया फ्लाईओवर एक केंद्र बिंदु है जहां पर सभी किसानों को एकत्र होना है और फिर यहां से दिल्ली की तरफ बढ़ना है। यहां से कालिंदी कुंज के जरिए और डीएनडी और उसके बाद चिल्ला बॉर्डर के जरिए दिल्ली की तरफ जाया जा सकता है, जहां पर दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस दोनों ही तरफ से चेकिंग अभियान चलाकर किसी भी किसान को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *