मरवाड़ी स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन
राष्ट्रीयसेवा योजना आगे बढ़ने का बेहतर मंच
दौलतपुर चौक, ( संजीव डोगरा ) : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरवाड़ी में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया जिसमें स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान मोनिका देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत ज्योति प्रज्वलित करके की। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। एनएसएस के कार्यक्रम प्रभारी संजय कुमार और कंचन कुमारी ने बताया कि इस शिविर में 27 स्वयंसेवियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने साक्षरता संबंधी कार्य ,पर्यावरण सुरक्षा, बचाव संबंधी ,सुरक्षा उपायों, मास्क के उपयोग के लिए जागरूकता के साथ ही स्वच्छता के कार्य किये और इन सब का महत्व व्यवहारिक रूप में जाना व समझा। विद्यालय व इसके आस पास स्वच्छता अभियान के साथ ही सड़क संबंधी नियमों की जानकारी प्राप्त की। मुख्य अतिथि ने सेवा की महिमा का व्याख्यान करके स्वयंसेवियों को निरंतर सेवा करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैंप में भाग ले रहे स्वयंसेवियों को नैतिकता, अनुशासन के साथ-साथ देश सेवा हेतु हमेशा तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। इस कैंप के विशेष समापन पर स्कूल की प्रधानाचार्य निशा ने स्वयंसेवियों को समाज सेवा में आगे रहने के लिए प्रेरणा देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना बच्चों को समाज सेवा में आगे रहने के लिए बहुत अच्छा मंच प्रदान करता है इसके साथ ही घर से बाहर रहने पर किस प्रकार की मुश्किलें आती हैं, इन सब से भी बच्चों को अवगत करवाया। ऐसे कार्यक्रम से छात्रों का मनोबल बढ़ता हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है व जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त कर सफल हो सकते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य निशा संदल ने इस सात दिवसीय कैंप को सफल बनाने के लिए कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार और कंचन कुमारी सहित स्वयंसेवियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते की। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य निशा संदल, अनूप कुमार, सतनाम, प्रोमिला, सूर्य किरण, अर्चना वर्मा, रणेश कंवर, गौरव संधू सहित विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा।
