February 18, 2026

राजकीय महाविद्यालय बालौर में सड़क सुरक्षा पर सेमिनार का आयोजन

सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता की पहल, बालौर महाविद्यालय में सेमिनार आयोजित

सेमिनार में छात्रों ने सड़क सुरक्षा को लेकर पूछे सवाल, अधिकारियों ने दिए जवाब

राजकीय महाविद्यालय बालौर में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा सुरक्षित यातायात के नियमों को प्रोत्साहित करना रहा। सेमिनार में महाविद्यालय की प्राचार्या सुमन हुड्डा, प्रोफेसर राजीव, लोक निर्माण एवं बीएंडआर एक्सईएन अनिल रोहिल्ला, सत्यवान शर्मा, जेई टीका राम, सड़क सुरक्षा ऑर्गेनाइजर कैलाश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
सेमिनार की शुरुआत प्राचार्या सुमन हुड्डा ने दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे प्रत्येक नागरिक को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा तेज गति से वाहन न चलाएँ। प्रोफेसर राजीव ने सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं को जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यकारी अभियंता अनिल रोहिल्ला ने सड़क सुरक्षा के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सड़कों की डिजाइन, संकेतकों की उचित व्यवस्था और रखरखाव से दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाएं मानवीय भूल, जैसे तेज गति, नशे में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने छात्रों और उपस्थित लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति संकल्प लेने का आह्वान किया। सेमिनार के अंत में छात्रों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उपयोगी सुझाव प्राप्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *