March 14, 2026

राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए खिलाडियों का चयन 9 व 10 को

नारनौल, 7 जून। हरियाणा खेल विभाग की ओर से 24 खेलों के लिए आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए जिला के महिला खिलाडियों का चयन 9 जून व पुरुष खिलाडियों का चयन 10 जून को सुबह 7 बजे से विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इन खेलों में पुरूष व महिला की ओपन कैटेगरी सीनियर आयुवर्ग के 24 खेलों में प्रतियोगिता आयोजित होनी है। 9 जून को महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा तथा 10 जून को पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वालीवॉल खेलों के खिलाड़ियों का चयन आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में तथा क्रिकेट एवं एथलेटिक्स का आरपीएस कॉलेज महेन्द्रगढ में किया जाएगा। शूटिंग खेल के महिला एवं पुरुष दोनों खिलाड़ियों का चयन दिनांक 9 जून को एकलव्य स्पोर्टस एकेडमी नारनौल में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बॉक्सिंग खिलाड़ियों का चयन एसडी स्कूल ककराला व हैण्डबाल एवं फुटबाल खेल के खिलाड़ियों का चयन मिनी खेल स्टेडियम धनौन्दा में किया जाएगा। कबड्डी खेल के खिलाड़ियों का चयन संस्कार भारतीय पब्लिक स्कूलपाली में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीरंदाजी, बास्केटबाल, स्विमिंग, फैन्सिंग, जिम्नास्टिक, जुडों, टेनिस, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, ताईक्वांडो, क्याकिंग व कैनोइंग, रोइंग की टीमों का चयन नेताजी सुभाष चन्द्र बोस खेल स्टेडियम नारनौल में किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त सभी खेलों की महिला वर्ग की खिलाड़ी 9 जून को तथा पुरूष वर्ग के समस्त खिलाड़ी 10 जून को बताए गए स्थान पर सुबह 6ः30 बजे रिपोर्ट करेंगें। सभी खिलाड़ी अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र व दो-दो पासपोर्ट साईज फोटो एवं फैमिली आईडी साथ लेकर आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *