February 20, 2026

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 9 माओवादियों को गिरफ्तार किया

रायपुर , छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 9 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें से एक माओवादी के सिर पर 5 लाख रुपए का इनाम था। बताया जा रहा है कि नक्सलियों पर हत्या, आईईडी ब्लास्ट, रोड काटना, पंपलेट लगाना, लेवी वसूली करने जैसे कई गंभीर आरोप है।

पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि फरसेगढ़ और मद्देड़ थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग कार्रवाई कर 9 माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों में मद्देड़ एरिया कमेटी का सदस्य 35 वर्षीय लच्छु पूनेम भी शामिल है जिसके सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवाद विरोधी अभियान के तहत मद्देड़ थाना क्षेत्र से DRG के बल को रवाना किया गया था और जब यह दल सोमनपल्ली और बंदेपारा जाने वाली सड़क पर था तब बारूदी सुरंग लगाने की कोशिश कर रहे 4 माओवादियों को वहां से पकड़ा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए माओवादियों से विस्फोटक, पिटठू और अन्य सामान बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में कुपरेल और मंडेम गांवों के करीब से 5 माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया जो 15 मई को फरसेगढ़ थाना प्रभारी के वाहन को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर उड़ाने की घटना में शामिल थे। इस विस्फोट में वाहन को नुकसान पहुंचा था और थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए थे। उन्होंने बताया कि पकड़े गए माओवादी क्षेत्र में बारूदी सुरंग लगाने, लेवी वसूली करने, रोड काटने, बैनर लगाने का काम करते थे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *