March 10, 2026

सचिव (वित्त, योजना एवं जल शक्ति विभाग) डॉ. अभिषेक जैन ने किन्नौर जिला के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

रिकांगपिओ ,

हिमाचल प्रदेश के सचिव (वित्त, योजना एवं जल शक्ति विभाग) डॉ. अभिषेक जैन (भारतीय प्रशासनिक अधिकारी) ने आज किन्नौर जिला के दो दिवसीय विकासात्मक दौरे के तहत जिला के रिकांग पिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन के सम्मेलन कक्ष में योजना विभाग, जल शक्ति विभाग तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

डॉ. अभिषेक जैन ने आंकड़ा आधारित समीक्षा करते हुए अव्ययित धनराशि तथा आरंभ न हुए परियोजनाओं पर चिंता व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से शिक्षा विभाग में संक्रमण दर (ट्रांजिशन रेट) का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों को केवल औपचारिक रिपोर्टिंग तक सीमित न रहकर वास्तविक तथ्यों का गहन विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन का वास्तविक महत्व तभी है जब उसका लाभ समय पर सबसे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक सुस्ती से बचते हुए संवेदनशील और प्रभावी कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया, ताकि किन्नौर के विकास संकेतक उसकी रणनीतिक महत्ता के अनुरूप सुदृढ़ हो। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा भी की तथा दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

इससे पूर्व किन्नौर जिला के दौरे के प्रथम दिन डॉ. अभिषेक जैन ने सीमावर्ती क्षेत्रों नाको, पूह तथा खाब का दौरा किया और जल शक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बौद्ध मठों में पूजा-अर्चना भी की तथा क्षेत्र के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की, ताकि नीतियों और आम जनता के बीच की दूरी को कम किया जा सके।

इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, परियोजना अधिकारी आई.टी.डी.पी घनश्याम दास शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *