March 10, 2026

देशभक्तों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी : एसडीएम विशाल

  • मेरी माटी-मेरा देश अभियान को समर्पित रहा उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह
    बादली(झज्जर ),15 अगस्त।
    उपमंडल मुख्यालय स्थित चौधरी धीरपाल राजकीय महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को 77 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एसडीएम बादली विशाल कुमार ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
    मुख्य अतिथि एवं एसडीएम विशाल कुमार ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए विशेष महत्व का दिन है। इस दिन भारत माता के महान सपूतों ने देश को अंग्रेजों के शासन से मुक्त करवाया था। उन्होंने युवा पीढ़ी से महान देशभक्तों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बादली उपमंडलवासियों को 77 वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सरहदों पर अपनी शहादत देने वाले वीर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित की।
    उन्होंने कहा कि आज का दिन हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है, हर घर-हर दफ्तर में तिरंगा है, हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा है। उन्होंने कहा कि बादली क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास के लिए सरकार प्रभावी रूप से काम कर रही है,यहां अनेक विकास कार्यों को निरन्तर गति प्रदान की जा रही है।
    उन्होंने कहा कि नेता जी सुभाषचंद्र बोस, रामप्रसाद बिस्मिल, शहीद भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद सहित देश पर अपने प्राण अर्पित करने वाले हजारों बलिदानियों को देश हमेशा याद करता रहेगा।
    उन्होंने कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों की वीरांगनाओं को शाल भेंटकर सम्मान किया। वहीं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया।
    कार्यक्रम के दौरान उपमंडल के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।
    इस अवसर पर अनेक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *