पंजाब में तीन साल में 7वां मंत्रिमंडल विस्तार कल, उपचुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना तय
चंडीगढ़, पंजाब की भगवंत मान सरकार तीन साल में सातवीं बार कैबिनेट का विस्तार करने जा रही है। जानकारी के अनुसार लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से हाल ही में उप चुनाव जीतने वाले विधायक संजीव अरोड़ा का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि 16 सदस्यों वाले मान मंत्रिमंडल में और नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा या नहीं। पंजाब में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में कुल 18 मंत्री हो सकते हैं।
संजीव अरोड़ा गुरुवार की दोपहर चंडीगढ़ में राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंत्री पद की शपथ लेंगे। पिछले सप्ताह विधायक चुने जाने के बाद से ही उनका मान मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा था। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा के चुनाव प्रचार के दौरान ही इसकी घोषणा कर दी थी कि अगर अरोड़ा निर्वाचित होते हैं तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इसकी पुष्टि की थी कि वे अरोड़ा को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करने जा रहे हैं। हालांकि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के नहीं होने की वजह से अरोड़ा को अब तक मंत्रिमंडल में शामिल नहीं कराया जा सका था। इस बीच, मान सरकार के कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
संजीव अरोड़ा ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद मंगलवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अरोड़ा ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को अपना इस्तीफा सौंपा, जिन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। पहली बार सांसद बने अरोड़ा 10 अप्रैल 2022 को पंजाब से राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2028 तक था।
लुधियाना के रहने वाले कारोबारी अरोड़ा ने उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु के खिलाफ 10,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की। अब ‘आप’ के लिए पंजाब में सत्तारूढ़ पार्टी से किसी और को राज्यसभा में नामित करने का रास्ता साफ हो गया है। ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस बात से इनकार किया है कि वह संसद के उच्च सदन की सदस्यता हासिल करने की दौड़ में शामिल हैं। केजरीवाल के राज्यसभा में जाने को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही थीं।
