December 22, 2025

मातृ शक्ति वास्तविक अर्थों में राष्ट्र निर्माण की धुरी -संजय अवस्थी

स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य होगा सुनिश्चित

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि मातृ शक्ति वास्तविक अर्थों में राष्ट्र निर्माण की धुरी है और वर्तमान प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के लिए निरन्तर प्रयासरत है। संजय अवस्थी गत सांय विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायतों की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कुनिहार में आयोजित अलंकार महोत्सव-II के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर सभी को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं प्रेषित की और आशा जताई कि यह पर्व जन-जन के जीवन में सुख और समृद्धि का कारक बने।
उन्होंने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश सरकार विशेषकर कमजो़र वर्गों की महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मज़बूत बनाने के लिए कार्य का रही है। उन्होंने कहा कि स्वंय सहायता समूह महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो।
विधायक ने कहा कि महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमन्त्री सुख-शिक्षा योजना’ के तहत प्रदेश में 01 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाली सभी विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा पर होने वाला व्यय प्रदेश सरकार वहन कर रही है। इसके अतिरिक्त विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा और अक्षम माता-पिता के सभी पात्र बच्चों के आरडी खाते में 18 वर्ष की आयु तक 1000 रुपए प्रतिमाह प्रदान करने का प्रावधान भी किया गया है।
संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान में समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकने में भी महिला शक्ति को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार को सहयोग प्रदान करें।
विधायक ने कहा कि कुनिहार के सन्तुलित विकास के लिए समुचित धनराधि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कुनिहार में आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है और निर्माण कार्य के लिए बजट अनुसार धनराशि भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। क्षेत्र में उप तहसील भवन का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां सब्जी मण्डी के विस्तारीकरण का कार्य भी जल्द आरम्भ होगा।
उन्होंने इस अवसर पर आयोजक समिति को 51 हज़ार रुपए देने की घोषणा भी की।
उन्होंने महिलाओं की कबड्डी, रस्सा-कशी, संगीत व लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकास खंड कुनिहार के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई व पी.एम.श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के छात्रों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत हाटकोट के प्रधान जगदीश अत्री, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश, ग्राम पंचायत कोठी की प्रधान बलविन्द्र कौर, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान आर.एस. ठाकुर, ग्राम पंचायत मान के प्रधान सुरेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के प्रधान राम चन्द ठाकुर, ग्राम पंचायत धुंधन की प्रधान शकुन्तला शर्मा, पंचायत समिति सदस्य बिनीता चौहान, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, खण्ड चिकित्सा अधिकारी तारा चन्द नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता शशिपाल, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित अन्य अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *