February 15, 2026

संतों ने समाज को पढ़ाया है प्रेम व मानवता का पाठ : सहकारिता मंत्री डा अरविंद कुमार शर्मा

हरियाणा के सहकारिता,पर्यटन एवं जेल मंत्री डा अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे संस्कृति है। यहां के संत महात्माओं ने अपने जप व तप की बदौलत समाज को नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने न केवल सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, बल्कि विश्व को मानवता और प्रेम का पाठ पढ़ाया।
सहकारिता मंत्री श्री शर्मा रविवार को झज्जर स्थित आदर्श नगर में अपने दादा संत पंडित जानकी दास की स्मृति में आयोजित संत गरीबदास की अमृतमयी वाणी का अखंड पाठ में भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी माता बिमला देवी सहित समस्त परिवारजनों के साथ पूजा अर्चना की। उन्होंने बताया कि अमृतवाणी का पाठ 12 नवंबर को भंडारे के उपरांत संपन्न होगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य के जीवन में सेवाभाव का होना बहुत जरूरी है और इंसान के अंदर कभी भी अहंकार की भावना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संत महात्माओं का आर्शीवाद निरंतर मिलता रहे, इसी के चलते ही ऐसे कार्यक्रम समय समय पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लगभग 120 साल से उनके परदादा,दादा और पिता के समय से ही गुरू गरीबदास अमृत वाणी पाठ की परंपरा चली आ रही है। हर वर्ष 10 नवंबर से 12 नवंबर की सुबह तक निरंतर पाठ का आयोजन होता है, रात्रि के समय इकतारे वाले सत्संग का आयोजन होगा, इस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में दूरदराज से संत महात्मा व सत्संगी आते हैं। सत्संग की प्रथा में जिनका विश्वास है, यह कबीरपंथी प्रथा है, जिसमें श्रद्धालुगण संतों का आर्शीवाद लेते हैं। डा अरविंद शर्मा ने कहा कि वे अपने पूर्वजों के बताए मार्ग पर चलते हुए सेवाभाव से कार्य कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि साधु संतों का आर्शीवाद निरंतर मिलता रहेगा। उन्होंने अपने दादा संत शिरोमणी जानकी दास व पिता सतगुरू दास को नमन किया।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संत गरीब दास किसी विशेष जाति या समुदाय के नहीं बल्कि पूरे समाज के थे। उन्होंने सदैव मानवता की भलाई के लिए कार्य किया। गरीबदास जी महाराज ने जीव कल्याण के लिए अपने मुखारविन्द से अमृतमयी वाणी की रचना की थी। जिसके श्रवण मात्र से जीव का कल्याण हो जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले वाणी पाठ के दौरान संत महात्माओं के प्रवचन भी होंगे । उन्होंने सत्संग प्रेमियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में संतों के विचारों एवं संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लें ताकि समाज में समानता, प्रेम एवं भाईचारे की भावना प्रबल हो। अखंड पाठ के अवसर पर स्वामी कमल सागर ने अपनी मधुर आवाज में पाठ कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध किया।

बाक्स
छत्तीस बिरादरी के आर्शीवाद से तीसरी बार बनी सरकार : डा अरविंद कुमार शर्मा
कार्यक्रम उपरांत पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सहकारिता,पर्यटन व जेल मंत्री डा अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और पर्यटन को और ज्यादा ऊंचाई पर लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विकास कार्यो को और तेज गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीस बिरादरी ने हरियाणा में भाजपा को वोट देकर पीएम श्री नरेंद्र मोदी व सीएम श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार को आर्शीवाद दिया है,जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही संकल्प पत्र में किए गए वायदों पर अमल होना शुरू हो गया है। 25 हजार युवाओं को एकदम नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं,जिससे युवा वर्ग में खुशी की लहर है। किसान,खेतीहर मजदूर,खिलाड़ी, महिला,युवा सहित हर वर्ग के विकास के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जेलों में बहुत सुधार हुआ है,अगर किसी प्रकार की कोई खामी पाई गई तो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गोयल,मंडल अध्यक्ष केशव सिंहल,मुकुल कौशिक, पार्षद मिथुन शर्मा, भाजपा महिला नेत्री कमलेश अत्री,वीना शर्मा,तवीन बेरी,आशा राम एडवोकेट,प्रवीण जांगड़ा,प्रकाश धनखड़,ईश्वर शर्मा,हरीश शर्मा,राममेहर यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *