March 10, 2026

पंजाब में आतंकी साजिश नाकाम, जंगलों से आरपीजी,आईईडी और ग्रेनेड बरामद

आईएसआई का स्लीपर सेल एक्टिव करने की साजिश

नवांशहर : पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए नवांशहर के तिब्बा नंगल-कुलार रोड के जंगलों से 2 आरपीजी, 2 आईईडी, 5 हैंड ग्रेनेड और एक वायरलेस सेट बरामद किया है। यह बरामदगी अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त तलाशी अभियान में हुई।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और उससे जुड़े आतंकी संगठनों ने पंजाब में छिपे स्लीपर सेल को दोबारा सक्रिय करने की योजना बनाई थी। बरामद हथियार और विस्फोटक इन्हीं आगामी आतंकी घटनाओं के लिए जंगलों में छिपाए गए थे।

पुलिस ने अमृतसर से दो दिन पहले दो संदिग्ध जासूसों—पलक शेर मसीह और सूरज मसीह को भी गिरफ्तार किया था। ये दोनों भारतीय सैन्य गतिविधियों की फोटो, वीडियो और लोकेशन डेटा आईएसआई को भेज रहे थे। जांच में सामने आया कि ये हरप्रीत सिंह उर्फ पिट्टू के नेटवर्क से जुड़े थे, जो वर्तमान में जेल में बंद है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम कार्ड, नकदी और कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन्हें प्रत्येक तस्वीर के बदले 5,000 से 10,000 रुपये तक की रकम दी जाती थी।

पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *