पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश नाकाम, सुरक्षा कर्मी देख भागे लुटेरे
लुधियाना, पंजाब के लुधियाना के चीमा चौक के नजदीक शुक्रवार की रात तीन नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप में लूट की नियत से दाखिल हुए। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों को आता देखकर वहां से भाग निकले। उनका काफी दूर तक पीछा भी किया गया, लेकिन वह किसी के भी हाथ न आए।
पंप के मालिक का आरोप है कि उक्त युवक उनके पंप के दफ्तरों के शीशे तक तोड़ गए। थाना मोती नगर की पुलिस ने पंप मालिक के बयान लेकर जांच शुरू कर दी है।
मालिक कुलवंत सिंह ने बताया कि चीमा चौक के नजदीक उनका पेट्रोल पंप है। शुक्रवार की रात करीब 12:30 बजे तीन नकाबपोश युवक पेट्रोल पंप को लूटने के लिए आए। उन्होंने पहले एक पत्थर मारकर सुरक्षाकर्मियों के दफ्तर का शीशा तोड़ दिया ताकि उन्हें पता लग जाए कि वहां कोई मौजूद है या नहीं। जब वहां से कोई बाहर नहीं आया तो उन्होंने नीचे बने दफ्तर का शीश तोड़ दिया।
वहां उनका एक कर्मचारी मौजूद था। उक्त युवकों ने उसके ऊपर भी पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। जिसके डर से वह बाहर नहीं निकला। कुलवंत सिंह का कहना है कि मार्केट कमेटी ने दो सुरक्षाकर्मियों को रात की ड्यूटी पर लगाया हुआ है। जोकि समराला चौक से लेकर चीमा चौक तक बाइक पर घूमकर नजर रखते हैं। जब शीशे टूटने की आवाज उन्हें सुनाई दी तो वह सायरन बजाते हुए पंप की ओर आने लगे।
सायरन सुनकर बदमाशों को लगा कि शायद पुलिस आ गई है। जिसके डर से वह पार्क के पीछे बनी गली के रास्ते फरार हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने उनका पीछा भी किया। लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गए।
