March 27, 2026

एस डी एम की अध्यक्षता में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित

बैजनाथ,
उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम की अध्यक्षता में एस डी एम कार्यालय में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध भंडार तथा वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को गैस भंडार का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत करवाया गया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड से प्राप्त गैस आपूर्ति का क्षेत्रवार संतुलित एवं अनुपातिक रूप से वितरण किया जा रहा है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
एस डी एम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्धारित नियमों के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बिना डीएसी नंबर अथवा बिना ऑनलाइन बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर आवंटित न किया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की संभावित कमी के संबंध में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड को औपचारिक रूप से अवगत कराया जाएगा ताकि आपूर्ति में सुधार लाया जा सके।
एस डी एम संकल्प गौतम ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जिस दिन किसी निर्धारित क्षेत्र में गैस की आपूर्ति की जा रही हो उस दौरान मार्ग में आने वाले गांवों एवं कस्बों के लोग आपूर्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें ताकि निर्धारित उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपूर्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर निरीक्षक खाद्य नागरिक आपूर्ति बलदेव बलौरिया सहित सभी गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *