यूपीएससी के तहत सिविल सर्विस परीक्षा-2023 का परिणाम जारी
सोनीपत, यूपीएससी के तहत सिविल सर्विस परीक्षा-2023 का परिणाम जारी किया गया है। जिसमें मूलरूप से सोनीपत के गांव माहरा फिलहाल सेक्टर-23 निवासी अभिमन्यु मलिक ने देशभर में 60वां रैंक हासिल किया है। अभिमन्यु मलिक फिलहाल दिल्ली के कक्कडऩुमा क्षेत्र में एसडीएम के प्रशिक्षण ले रहे हैं। परिजनों ने बताया कि दो बहन-भाईयों में छोटे अभिमन्यु बचपन से ही बेहद शांत स्वभाव के हैं। उन्हें गायिक व पढ़ाई का बचपन से ही शौक रहा है।
बिजली निगम के सहायक एक्सईएन के पद से सेवानिवृत्त पिता रणबीर मलिक ने बताया कि वह मूलरूप से गांव माहरा के निवासी हैं। 45 साल पहले परिवार सोनीपत सेक्टर-23 में आकर रहने लगा था। अभिमन्यु ने अपनी 10वीं कक्षा शहर के लिटल एंजल्स स्कूल और 12वीं की पढ़ाई जानकीदास कपूर स्कूल से की। वर्ष 2014 में वाईएमसीए फरीदाबाद से बी.टेक किया। उसके बाद वर्ष 2016 में नाबार्ड के रोहतक क्लस्टर में सहायक महाप्रबंधक के पद पर तैनात हुए।अभिमन्यू मलिक का सपना आईएएस बनना था। इसके लिए वह लगातार प्रयासरत थे। गत वर्ष उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में बेहतर रैंक हासिल नहीं कर सके थे। इस बार अपने अंतिम प्रयास में रैंक सुधार करते हए देशभर में 60वां रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया। इसके लिए उन्होंने रोजाना 10-12 घंटे पढ़ाई की। नौकरी करते हुए भी सेल्फ स्टडी करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में कुछ समय के लिए दिल्ली से कोचिंग ली थी। बाद में नौकरी करते हुए ड्यूटी के बाद व रात को पढ़ाई जारी रखी।
