प्रदेश सरकार के लिए आमजन का मान-सम्मान सर्वोपरि : डॉ अरविंद कुमार शर्मा
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने ली लोक संपर्क एवं जनपरिवेदना समिति की बैठक
14 में से 8 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया
नारनौल, 5 दिसंबर। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए आमजन का मान-सम्मान सर्वोपरि है। कोई भी अधिकारी अगर इस मामले में कोताही बरतेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सहकारिता मंत्री आज स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवेदना समिति की बैठक में बोल रहे थे। आज की बैठक में पहले से निर्धारित कुल 14 मामले सुनवाई के लिए रखे गए। इनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निपटारा हो गया।
महिला आईटीआई तथा एचएसवीपी के सेक्टर-1 के सीवरेज से संबंधित मामलों पर सहकारिता मंत्री ने उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित करके जल्द से जल्द सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गांव बेरी के निवासी राम सिंह के ट्यूबल के बिजली कनेक्शन को लेकर आई एक शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को 10 दिन के अंदर-अंदर कनेक्शन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नारनौल शहर में सिटी प्ले स्कूल के नजदीक जोहड़ की चार दिवारी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी अधिकारी आमजन की शिकायतों को पूरी गंभीरता के साथ सुनें। जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर समस्याओं का समाधान निकालें।
जिला में पहली बार आगमन पर उपायुक्त डॉ विवेक कुमार भारती तथा पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने सहकारिता मंत्री का स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री व नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, बीजेपी के जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, अटेली के पूर्व विधायक सीताराम यादव, मनीष मित्तल, गोविंद भारद्वाज तथा राकेश शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
