हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का इस्तीफा
शाम तक नए नेता का चयन कर सकती है पार्टी
देश राज शर्मा, शिमला, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्री और विधायकों की नाराजगी के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस शाम तक नए नेता का चयन कर सकती है। पार्टी ने विधायकों से बातचीत करने के लिए शिमला में ऑब्जर्वर भेजे हैं। मुख्यमंत्री ने अपना इस्तीफा देने का कदम पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह के इस्तीफा देने के 1 घंटे बाद उठाया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायकों को नजरअंदाज किया गया जिसका नतीजा कल राज्यसभा के लिए हुए चुनाव में देखने को मिला। क्रॉस वोटिंग करने वाले एक विधायक राजेंद्र राणा ने भी कांग्रेस हाई कमान से सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की थी।
