March 21, 2026

राहत: 11 दिनों बाद दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने खत्म की हड़ताल, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर लिया फैसला

नई दिल्ली : दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी 11 दिन लंबी हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया है। यह हड़ताल कोलकाता में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता की घटना के विरोध में शुरू की गई थी।

रेजिडेंट डॉक्टरों ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि सार्वजनिक सेवा की भावना और राष्ट्रहित में आरडीए, एम्स ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट की अपील और निर्देशों के मद्देनजर लिया गया है। डॉक्टरों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना पर संज्ञान लेने और देशभर में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को संबोधित करने की सराहना की है।

हड़ताल 12 अगस्त से शुरू हुई थी और इसके चलते अस्पतालों में ओपीडी और नियमित सर्जरी सेवाएं प्रभावित रही थीं। इस अवधि के दौरान दिल्ली के अस्पतालों में 10,000 से अधिक मरीजों की सर्जरी टल गई थी। हड़ताल के दौरान दो दिन अवकाश भी शामिल थे। रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के बाद अब एम्स में चिकित्सा सेवाओं की बहाली की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *