रिलायंस का शेयरधारकों को बोनस, JioBrain और Jio AI का ऐलान, ये हैं सारी घोषणाएं
मुंबई : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देगा। कंपनी हर शेयर पर 1 शेयर बोनस को तौर पर देगी। कंपनी की ओर से एक्सचेंजों में की गई फाइलिंग में यह बात सामने आई। कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की जाएगी। इस बाबत बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग 5 सितंबर को होगी। वहीं मुकेश अंबानी ने कहा कि ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए You Deserve More कैंपेन शुरू किया गया है।
एवरेज मंथली डेटा यूज 30 GB
मुकेश अंबानी ने बताया- जियो के 49 करोड़ कस्टमर हैं। हर जियो कस्टमर एवरेज 30 GB डेटा मंथली यूज कर रहा है। मौजूदा डेटा प्राइस, ग्लोबल एवरेज का एक चौथाई और विकसित देशों में डेटा प्राइस का 10% है।
जियो होम में नए फीचर्स मिलेंगे
जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने बताया- जियो होम में नए फीचर्स का ऐलान किया गया है। JIO TV OS को सेटअप बॉक्स में लॉन्च किया गया है। AI के जरिए JIO सेटअप बॉक्स इस्तेमाल करना आसान हो जाएगा।
सोलर फोटो वोल्टाइक मॉड्यूल
इस साल के अंत तक, फोटो वोल्टाइक (पीवी) मॉड्यूल का उत्पादन शुरू होगा। अगली तिमाहियों में, इंटीग्रेटेड सोलर प्रोडक्शन फैसिलिटी का फर्स्ट फेज पूरा हो जाएगा। इसमें 10 GW की इनिशियल एनुअल कैपेसिटी वाले मॉड्यूल, सेल, ग्लास, वेफर, इनगॉट और पॉलीसिलिकॉन शामिल हैं।
रिलायंस ने 1.7 लाख नई नौकरियां दीं
मुकेश अंबानी ने स्पष्ट किया कि रिलायंस ने वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तव में लाखों नौकरियां जोड़ी हैं। वे रिलायंस की 47वीं वार्षिक आम बैठक में बोल रहे थे। अंबानी ने बताया कि रिलायंस ने कुल 1.7 लाख नई नौकरियां दी हैं। कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर अब 6.5 लाख से अधिक हो गई है।
जियो ब्रेन लॉन्च करेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
जियो ब्रेन जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 47वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने दी। कनेक्टेड इंटेलिजेंस, विश्व स्तरीय इंफ्रा के साथ आएगा। कंपनी “एआई एवरीवेयर फॉर एवरीवन” की थीम पर इसे लॉन्च करेगी। बताते चलें कि जियो पूरे एआई को कवर करने वाले उपकरणों और प्लेटफार्मों का एक व्यापक सूट विकसित कर रहा है – जिसे ‘जियो ब्रेन’ कहा जाता है। अंबानी ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि रिलायंस के भीतर जियो ब्रेन को बेहतर बनाकर, हम एक शक्तिशाली एआई सेवा प्लेटफॉर्म बनाएंगे हम जामनगर में गीगावाट-स्केल एआई-तैयार डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रहे हैं, जो पूरी तरह से रिलायंस की हरित ऊर्जा से संचालित होगा।
इस मौके पर अंबानी ने जियो एआई-क्लाउड वेलकम ऑफ़र की घोषणा की
इसमें सभी डिजिटल सामग्री और डेटा को सुरक्षित रूप से रखने और एक्सेस करने के लिए 100 जीबी तक का मुफ़्त क्लाउड स्टोरेज दिया जाएगा। जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कई नई एआई सेवाओं की घोषणा की। इसमें जियो टीवीओएस, HelloJio, Jio Home IoT सॉल्युशन, JioHome ऐप और Jio Phonecall AI शामिल है।
