आरबीआई की नए फ्रॉड को लेकर यूजर्स को चेतावनी, बताए Hackers से बचने के उपाय
नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में यूजर्स को एक नए फ्रॉड के बारे में चेतावनी दी है जिसमें साइबर अपराधी कुरियर के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। RBI ने SMS के जरिए लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी व वित्तीय जानकारी किसी से साझा न करें।
RBI के अनुसार, अपराधी फर्जी कॉल, मेल या SMS के माध्यम से गैरकानूनी वस्तुओं के बारे में जानकारी मांगते हैं और लोगों को भ्रमित करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने की आवश्यकता नहीं है और किसी भी संदेहास्पद लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
इंडिया पोस्ट और दूरसंचार विभाग ने भी इस फ्रॉड के प्रति लोगों को जागरूक किया है। इंडिया पोस्ट ने अपने X हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर एक फर्जी मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा किया है, जिसमें एक धोखाधड़ी लिंक शामिल है। इंडिया पोस्ट ने ऐसे किसी भी अनजान मैसेज या लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है और इन मामलों को भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल पर रिपोर्ट करने की अपील की है।
हैकर्स से बचने के उपाय
– किसी भी अज्ञात नंबर से भेजे गए SMS लिंक को खोलने से बचें।
– इंडिया पोस्ट कभी भी कुरियर डिलीवरी के लिए पैसे नहीं मांगता है।
– अपनी निजी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।
– अगर कोई फर्जी SMS या कॉल प्राप्त होती है, तो उसे तुरंत Sanchar Saathi पोर्टल पर रिपोर्ट करें।
– स्कैम से बचने के लिए सतर्क रहना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
