24 लाख करोड़ गंवाने के बाद शेयर बाजार में लौटी रौनक
7.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की हुई रिकवरी
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,089 अंक या 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,227 और निफ्टी 374 अंक या 1.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,535 पर था। शेयर बाजार निवेशकों को बाजार बंद होने तक 7.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की रिकवरी हो गई।
बाजार में तेजी का नेतृत्व मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने किया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,028 अंक या 2.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,838 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 321 अंक या 2.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15,389 पर था। सभी सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी और एनर्जी इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़ने वाले इंडेक्स थे।
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। सुबह 9:42 पर सेंसेक्स 982 अंक या 1.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,120 और निफ्टी 303 अंक या 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,465 पर था। आरबीआई एमपीसी के फैसलों का ऐलान गवर्नर संजय मल्होत्रा द्वारा बुधवार को किया जाएगा। माना जा रहा है कि केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती कर सकता है। इसमें अर्थव्यवस्था की स्थिति की बारे में भी जानकारी दी जाएगी। एक दिन पहले से सेंसेक्स में 2200 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखने को मिली थी और निवेशकों को 14 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो गया था। कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 3939 अंकों की गिरावट पर पहुंच गया था और नुकसान करीब 25 लाख करोड़ के आसपास था।
