February 25, 2026

बड़ा भंगाल में फंसे हुए भेड़ पालकों को पहुँचाया राशन

डीसी बोले… प्रत्येक वर्ग को सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत प्रशासन
धर्मशाला,
हाल-फ़िलहाल में हुई भारी बारिश से प्रभावित प्रत्येक वर्ग को सहायता उपलब्ध करवाने के लिये ज़िला प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत है। ज़िलाधीश काँगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि प्रशासन को पिछले दिनों बड़ा भंगाल के रास्ते में कुछ भेड़ पालकों के फंसे होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने इसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए भेड़ पालकों को राशन उपलब्ध करवा दिया है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा भेड़ पालकों के लिए 21 राशन किट उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि हर किट में 20 किलो आटा, 10 किलो चावल सहित तेल, नमक, दालें, चीनी, चाय इत्यादि जैसी दैनिक ज़रूरतों का सामान शामिल है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार मुलथान पूर्ण चंद कौंडल के नेतृत्व में राजस्व एवं अन्य कर्मचारियों ने स्वयं मौक़े पर जाकर भेड़ पालकों का संज्ञान लिया और उन्हें ज़रूरत का सामान वितरित किया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवायी जाएगी।
डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि बड़ा भंगाल के रास्ते की भी शीघ्र मुरम्मत के लिए बीडीओ बैजनाथ को निर्देश दे दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि बरसात से प्रभावित सभी लोगों और वर्गों को राहत पहुँचाने के लिए प्रशासन पूर्ण संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला में बरसात से प्रभावित हुए लोगों को तुरंत फ़ौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बरसात से निपटने के लिये संवेदनशील इलाक़ों में रिसोर्सेज़ का मोबिलाइज़ेशन किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दौरान स्तर्क रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन कांगड़ा के टोल फ्री नंबर 1077 तथा मोबाइल नंबर 7650991077 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *