February 16, 2026

जीतने पर सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों की तरह चिकना बना देंगे: रमेश बिधूड़ी

भाजपा उम्मीदवार के बयान की कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने की तीखी आलोचना

नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, बिधूड़ी ने प्रचार के दौरान कहा कि अगर वह जीतते हैं तो अपनी निर्वाचन क्षेत्र की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों की तरह चिकना बना देंगे। बिधूड़ी की इस टिप्पणी पर कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बिधूड़ी की टिप्पणी पर भाजपा को घेरते हुए पार्टी को महिला विरोधी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि रमेश बिधूड़ी का प्रियंका गांधी के संदर्भ में दिया गया बयान बेहद शर्मनाक है। ये भाजपा का असली चेहरा है। श्रीनेत ने पीएम मोदी को इस महिला विरोधी भाषा और सोच जनक बताया।

कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने भी बिधूड़ी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कालका जी के भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी की भाषा ने महिलाओं के प्रति उनकी सोच और उनके चरित्र को उजागर कर दिया है। मैं कालका जी के लोगों से पूछना चाहती हूं कि क्या आप ऐसा जनप्रतिनिधि चाहते हैं, जो हमारी मां-बहन-बेटियों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करता है? हम इस बयान का पुरजोर विरोध करते हैं। भाजपा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।’

बिधूड़ी की टिप्पणी की आम आदमी पार्टी ने भी तीखी आलोचना की है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘यह भाजपा के उम्मीदवार हैं, उनकी भाषा सुनिए। यह भाजपा का महिलाओं के प्रति सम्मान है। क्या ऐसे नेताओं के हाथों में दिल्ली की महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है?”

विवाद खड़ा होने के बाद बिधूड़ी ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी है। उन्होंने एक समाचार चैनल से कहा कि अगर आज कांग्रेस को इस बयान से दुख होता है, तो हेमा जी को क्या? वह एक प्रसिद्ध नायिका रही हैं और उन्होंने फिल्मों के माध्यम से भारत का नाम रोशन किया है। अगर लालू के बयान गलत हैं, तो मेरा बयान भी गलत होगा। क्या हेमा मालिनी महिला नहीं हैं? जीवन में उपलब्धियों के मामले में हेमा मालिनी प्रियंका गांधी से कहीं बेहतर हैं। बता दें, बिधूड़ी कालका जी से आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और कांग्रेस की अलका लांबा से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *